दिल्ली और देश को मोदी की जरूरत: डॉ. जितेन्द्र सिंह


 शहजाद


नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने आज गोकल पुर विधानसभा क्षेत्र में कई सभाओं को संबोधित किया और उत्तर पूर्वी दिल्ली के लोकसभा प्रत्याशी मनोज तिवारी के समर्थन में मतदाताओं से अपील की। उपस्थित क्षेत्रीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि दिल्ली में झूठ और बेईमानी की सरकार चल रही है जिसके मुखिया अरविन्द केजरीवाल दिल्ली के सपनों को बेच रहे हैं। आज पूरा देश नरेन्द्र मोदी सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं का लाभ उठा रहा है तो कई जनहित की योजनाओं से दिल्ली वंचित है जिसका बड़ा कारण जिसका अरविन्द केजरीवाल है।




डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि दिल्ली के लाखों मतदाताओं और डेढ़ करोड़ से अधिक की आबादी का उन सभी संसाधनों पर बराबर का हक है जो केंद्र सरकार से देश के अन्य भागों में लोगों को मिल रही है और जब पूरा देश विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुका है। दिल्ली भी इस क्रम में जुड़नी चाहिए। आज दिल्ली और देश के विकास के लिए नरेन्द्र मोदी के पुनः प्रधानमंत्री बनने की जरूरत है और मोदी सरकार की योजनाओं से उत्तर पूर्वी दिल्ली को जोड़ने के लिए एक बार फिर मनोज तिवारी की जीत जरूरी है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कैलाश जैन, महामंत्री कर्मवीर सिंह चंदेल, पूर्व विधायक रणजीत कश्यप, भाजपा नेता मनीराम नागौरा, मंडल अध्यक्ष रामपाल सिंह, निगम पार्षद निर्मला जाटव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।