देश और दिल्ली की बेहतरी के लिए मतदाता करेंगे मतदान: मनोज तिवारी


नई दिल्ली (वेबवार्ता)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा के प्रत्याशी मनोज तिवारी के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने आज एक विशाल रोड शो का आयोजन किया। रोड शो में मनोज तिवारी के अलावा हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल, भाजपा नेता सुधांशु मित्तल, हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी, भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव सहित कई सिने कलाकारों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अजय महावर कैलाश जैन सभी पार्टी पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष निगम पार्षद हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रोड शो पाँचवा पुस्ता गाँवडी से गावडी रोड ब्रह्मपुरी रोड, एक्स ब्लाक, ब्रह्मपुरी, नादिया पार्क, नॉर्थ इंडिया इंजीनियरिंग कॉलेज, जीरो पुश्ता रोड, घोंडा चौक, बृह्मपुरी मेन रोड, ब्रह्मपुरी, पुलिया मौजपुर रोड, मौजपुर चौक, बाबरपुर रोड, शाहदरा, जीटी रोड, टेलीफोन एक्सचेंज, दिलशाद गार्डन, गुरू तेगबहादुर चौक, लोनी गोलचक्कर, गोकलपुरी फ्लाईओवर होते हुए यमुना विहार स्थित जिला कार्यालय पर समापन हुआ।
रोड शो से पूर्व उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि लोकसभा का ये चुनाव देश की सुरक्षा और देश के विकास का चुनाव है एक ओर नरेंद्र मोदी को पुनः देश का प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प ले चुकी जनता के साथ राष्ट्र प्रथम और सबका साथ सबका विकास सिद्धान्त वाली भारतीय जनता पार्टी है और उसका मुकाबला देश के टुकड़े-टुकड़े करने की साजिश करने वाली ताकतों के साथ खड़ी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस से है। उन्होंने आशा व्यक्त की दिल्ली की जनता दिल्ली और देश की बेहतरी के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर इस अभियान को पूरा करेगी।
श्री तिवारी ने कहा कि पाँच वर्ष पहले हमें ऐसा पिछड़ा उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र मिला था जिसमें न केंद्रीय विद्यालय था न आधुनिक सड़कों की व्यवस्था थी पार्कों का अभाव था रोजगार के लिए कोई योजना नहीं थी, कोई पासपोर्ट केंद्र नहीं था, अब कोई रेलवे स्टेशन नहीं था, पर्याप्त सेमी हाई मास्ट लाइटों की व्यवस्था नहीं थी, सीसीटीवी कैमरे नहीं थे, हमने सभी न्यूनताओ और समस्याओं के निदान का सफल प्रयास किया लेकिन सफलता का शिखर अभी बाकी है जिसे जनता के जनादेश के बाद आगामी पाँच वर्ष मे पूरा करूँगा। उन्होंने कहा कि वह ऐसी व्यवस्था देंगे कि दिल्ली में अब न तो कोई वेघर होगा और न ही किसी गरीब की इलाज के अभाव में अकाल मौत होगी।
इस अवसर पर विपुल गोयल ने क्षेत्र के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था देश को दी जिसमें सब को साथ लेकर सब के विकास की चिंता की गई एक मजबूत राष्ट्र और आर्थिक सामाजिक और राजनैतिक ढांचे के निर्माण के लिए नरेंद्र मोदी की सरकार प्रयासरत है जिनका पुनः प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है और उसके लिए दिल्ली में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सातों सीटों पर विजय जरूरी है।
सुधांशु मित्तल ने कहा कि मनोज तिवारी मृदुल स्वभाव और व्यवहार के धनी हैं जनता के बीच इनकी लोकप्रियता ईमानदारी और क्षेत्र के विकास में योगदान से उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र मे कई विकास योजनाएँ शुरू की जिनके पूरा होने के बाद लाखो निवासी विशेष गौरव की अनुभूति करेंगे लेकिन पूरा करने के लिए मनोज तिवारी का विजयी होना जरूरी है।
सपना चौधरी ने कहा कि जीवन मे पहली बार देखा कि एक मुख्यमंत्री हर वादे से मुकरने के लिए झूठ का इतिहास रच रहा है हद तो तब हो गई जब मनोज तिवारी पर निजी टिप्पणी कर कला का अपमान किया है। दूसरी पार्टी कांग्रेस है जो पहले ही नाकाम साबित हुई है देश को विकास और विकास के लिए मोदी का पुनः प्रधानमंत्री बनना जरूरी है। वहीं खेसारी लाल यादव ने कहा कि मेरे जैसे सडक के आदमी को सफलता के शिखर तक पहुंचाने में मनोज तिवारी हमारे हर संघर्ष मे हमसफर बने, परिणाम आपके सामने है। विकास पथ पर चल पड़े उत्तर पूर्व दिल्ली को मनोज तिवारी की जरूरत है क्योंकि मोदी सरकार के लिए बहुमत जरूरी है।