केशनी आनंद अरोड़ा हरियाणा की नई मुख्य सचिव नियुक्त

चंडीगढ़ (वेबवार्ता)। हरियाणा सरकार ने रविवार को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी केशनी आनंद अरोड़ा को राज्य की नई मुख्य सचिव नियुक्त किया। एक आधिकारिक आदेश में कहा गया कि आरोड़ा (58) डी एस धेसी का स्थान लेंगी जो 30 जून को सेवानिवृत्त हुए। अरोड़ा पूर्व में हरियाणा सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्तीय आयुक्त, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन एवं समेकन विभाग, के तौर पर काम कर चुकी हैं। 1966 में अलग राज्य बनने के बाद वह हरियाणा की 33वीं मुख्य सचिव होंगी। आदेश में कहा गया है कि 1983 हरियाणा काडर की आईएएस अधिकारी इसके साथ ही सामान्य प्रशासन, कार्मिक, प्रशिक्षण, संसदीय मामलों, प्रशासनिक सुधार विभागों और योजना समन्वय की सचिव प्रभारी भी होंगी। उल्लेखनीय है कि केशनी ऐसे परिवार से आती हैं जिसमें उनकी दो बहनें पूर्व में हरियाणा की मुख्य सचिव के तौर पर कार्य कर चुकी हैं। केशनी से पहले मुख्य सचिव रह चुकी मीनाक्षी आनंद चौधरी और उर्वशी गुलाटी उनकी बहनें हैं।