रास्ते को बंद किये जाने को लेकर क्षेत्रीय लोगों के साथ पाषर्द ने किया विरोध

मो. अनस सिद्दीकी
नई दिल्ली। यमुना विहार इलाके में डीडीए द्वारा मंगलवार को विजय पार्क से यमुना विहार सी-10 को जोड़ने वाले आम रास्ते को बंद किए जाने के विरोध में क्षेत्रीय लोगों के साथ-साथ आम आदमी पार्टी की स्थानीय पाषर्द रेखा त्यागी ने जमकर विरोध किया। इसके चलते डीडीए के दस्ते को बिना दीवार बनाए ही बैरंग लौटना पड़ा।
आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष वीके शर्मा ने बताया कि यह गली विजय पार्क और यमुना विहार को जोड़ने का मुख्य रास्ता है। इस गली से रोजाना हजारों स्कूली बच्चे यमुना विहार स्थित स्कूल आते-जाते हैं। अगर यह रास्ता बंद हो गया तो विजय पार्क में रहने वाले लोगों को काफी परेशानी होगी। डीडीए द्वारा बनाए जाने की जानकारी जैसे ही आम आदमी पार्टी की पाषर्द रेखा त्यागी को लगी तो वे भी मौके पर पहुंच गई और उन्होंने भी इसका विरोध करते हुए दीवार जहां बन रही थी, उसी दीवार के ऊपर बैठ गई। इस दौरान भारी संख्या में डीडीए अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी मौजूद था, लेकिन जब स्थानीय लोगों ने डीडीए से रास्ता बंद करने के आदेश की लिखित कॉपी मांगी तो उनके पास मौजूद नहीं थी। स्थानीय लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि वे किसी भी कीमत पर यहां दीवार नहीं बनने देंगे, इसके लिए चाहे उन्हें धरना-प्रदर्शन क्यों न करने पड़ें।