पति-पत्नी को चाकू मारा, महिला की मौत

अपराध संवाददाता
नई दिल्ली। दक्षिण पूर्व जिले के निजामुद्दीन थाना क्षेत्र के जेजे कॉलोनी में चाकू मारकर एक महिला की हत्या कर दी गई। जबकि उसके पति पर जानलेवा हमला किया है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। दोनों को एम्स ट्रामा सेंटर ले गई। वहां डॉक्टरों ने महिला सीता (25) को मृत घोषित कर दिया, जबकि मंगल (26) की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार वारदात को मंगल के एक रिश्तेदार रतिराम ने अंजाम दिया है। उसे हिरासत में ले लिया गया है। दरअसल, रतिराम को शक था कि मंगल और उसकी पत्नी की वजह से उसकी नौकरी छूट गई है। पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है। मंगल परिवार के साथ पीडब्ल्यूडी स्थित जेजे कॉलोनी में रहता है। उसकी आठ महीने की एक बच्ची है। यह परिवार पीडब्ल्यूडी के ठकेदार के पास मजदूरी करता था। रतिराम भी उसी ठेकेदार के पास काम करता था। दो दिन पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। इस संबंध में जानकारों का कहना है कि वह शराब के नशे में ठेकेदार को उल्टा-सीधा कहता था। साथ ही अन्य मजूदरों को परेशान करता था, इसलिए उसे हटा दिया गया था।
लेकिन आरोपित रतिराम को शक था के इसके पीछे मंगल का हाथ है। संयोग से इसी बीच घर के दरवाजे पर बिजली के तार से उसे करंट लग गया था। वह गुस्से में था। उसने सीता और मंगल पर जानलेवा हमला किया और फरार हो गया, लेकिन पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। मंगल की हालत गंभीर बनी हुई है।ट्रामा सेंटर में उसका इलाज चल रहा है।