विरोध की राजनीति करना ही अपना धर्म समझता है विपक्ष: अरूण सिंह


मो. कामरान
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के गोकलपुर विधानसभा के नेता देवी दयाल कोली, विनोद वत्स, विधानसभा कोषाध्यक्ष आई.पी. शर्मा, वार्ड अध्यक्ष विनोद त्यागी, अनिल पांचाल, ताराचन्द माहौर, प्रचार मंत्री संतोष सक्सेना, चौधरी मेघ सिंह एवं अभिजित शुक्ल ने आज भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह एवं दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने पटका पहनाकर सभी का भाजपा परिवार में स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अभय वर्मा, पूर्वाचल मोर्चा के प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह, मोर्चा के अध्यक्ष मनीष सिंह, मीडिया प्रभारी प्रत्युष कंठ, सह-प्रभारी नीलकांत बक्शी एवं मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा उपस्थित थे।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजनीतिक कुटनीति के कारण संयुक्त राष्ट्र ने आंतकी अजहर मसूद को अंतराष्ट्रीय आंतकी घोषित कर दिया है। यह बात प्रत्येक भारतवासी के लिए गौरव की है। योग को देश से पूरे विश्व तक ले जाने का श्रेय भी मोदी को जाता है। मोदी की बातों को विश्व भर के देश प्राथमिकता देते है और देश के 130 करोड़ लोगों का प्यार और आशीर्वाद मोदी के साथ है, लेकिन देश का विपक्ष विरोध की राजनीति करना ही अपना धर्म समझता है। देश में चौतरफा विकास हो रहा है और भारत विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। आज भाजपा परिवार में शामिल होने के लिए मैं सभी नेताओं को बधाई देता हूँ और उनका स्वागत करता हूँ। मैं आशा करता हूँ कि आप सभी मिलकर देश में फिर एक बार मोदी सरकार बनाने के लिए अपने अपने क्षेत्रों में काम करेगें।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि मैं चुनाव प्रचार के लिए अपने क्षेत्र में जिस तरफ भी जा रहा हूँ वहां सिर्फ एक ही चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिल्ली की सातों सीटे देकर पूर्ण बहुमत की मजबूत सरकार के साथ पुनः प्रधानमंत्री बनाने की। यह चुनाव ऐतिहासिक है क्योंकि यह देश का चुनाव है उसके विश्व नेतृत्व करने का चुनाव है। दिल्ली की जनता चुनाव रूपी महायज्ञ में वोटों की आहूति देकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश का नेता चुनेगी।