रमजान पर महापौर ने किया मस्जिदों का दौरा


नाज सिद्दीकी
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर अवतार सिंह ने पवित्र रमजान मुबारक के मौके पर मल्का गंज क्षेत्र की मस्जिदों का दौरा करके साफ सफाई का जायजा लिया। श्री अवतार सिंह ने दिल्ली की रमजान-उल-मुबारक इंतेजामिया कमेटी के अध्यक्ष शमीम अहमद खान के साथ मल्का गंज क्षेत्र की मस्जिद बिलाल (अनार कोठी) मस्जिद मदीना (कबीर बस्ती) मस्जिद फतेह (बर्फ खाना चौक) मदरसा इस्लामिया अरबिया तालीम-उल-कुरान में जाकर रोजेदारो से मुलाकात की तथा पवित्र रमजान के दौरान सफाई से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर अवतार सिंह ने मल्का गंज के मदरसें में क्षेत्रीय लोगों के साथ रोजा इफ्तार भी किया। मल्का गंज अनार कोठी में रहने वाले लोगों ने महापौर को बताया कि पिछले आठ महीनें से अनार कोठी में सफाई नहीं हो रही है जिसके कारण क्षेत्र में जगह जगह कूड़ा फैला रहता है इसके अलावा मल्का गंज रोड स्थित मदरसें के बहार कूड़ा व गन्दगी देख कर महापौर भी हैरान रह गए।
इस मौके पर रमजान-उल-मुबारक इंतेजामिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद अनवार, अध्यक्ष शमीम अहमद खान, उपाध्यक्ष रियासत अली, महासचिव हाजी मोहम्मद रिजवान, सचिव मोहम्मद कामिल, हाजी मुमताज अहमद कुरैशी, कोषाध्यक्ष जहीर आलम सहित मोहम्मद जावेद, मोहम्मद फारूख अन्सारी आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर महापौर अवतार सिंह का सभी मस्जिदों में शाल व फूलमालाओं से जोरदार स्वागत भी हुआ।


Popular posts