कुत्ते को पत्थर मारने को लेकर दो परिवार भिड़े, सात घायल

अपराध संवाददाता
नई दिल्ली। द्वारका जिले के बाबा हरिदास नगर इलाके में कुत्ते को पत्थर मारने को लेकर दो परिवार आपस में भिड़ गए। मारपीट में दोनों पक्षों की ओर से सात लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मिली शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि सुनीता (45) सपरिवार बाबा हरिदास कॉलोनी में रहती है। परिवार में पति राजेंद्र के अलावा दो बेटे और एक बेटी है। सुनीता ने बताया कि पेशे से ड्राइवर और उसके दूर का रिश्तेदार मनोज उसके पड़ोस में रहता है। रविवार रात मनोज ड्यूटी से घर आ रहा था। इसी दौरान सुनीता का पालतू कुत्ता मनोज पर भौंकने लगा। सुनीता का आरोप है कि मनोज ने ईंट उठाकर उसके कुत्ते को मारा। ऐसा करने से मना करने पर मनोज ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर मनोज के परिवार वाले भी वहां आ गए और दोनों पक्षों के लोग आपस में हाथापाई करने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों से सात लोगों को चोटें आई।
इस बीच जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ रहे लोगों को शांत कराया। उसके बाद पुलिस ने घायलों को रावतुलाराम अस्पताल में भर्ती कराया। सुनीता के अलावा उसके दोनों बेटे विक्की और विक्रम, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से मनोज के अलावा उसके परिवार के संजय, सोनू और सुमन घटना में घायल हुए थे। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।