कांग्रेस और आप दोनों करती है देशद्रोहियों का समर्थन: डॉ. हर्ष वर्धन


मो. अनस सिद्दीकी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी और केन्द्रीय मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने आज कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों के साझा साथी होने पर आश्चर्य व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ये दोनों दल मूल रूप से कई बार माननीय उच्चतम न्यायालय में वीवीपीटीए का मुद्दा रखने के मामले में एक साथ रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि दोनों पार्टियों को नेशनल कांफ्रेस और पीडीपी, विघटनकारी तत्व और टुकड़े-टुकड़े गैंग समर्थन करते रहे हैं। लोगों को आज भी जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के राष्ट्र विरोधी समूह की घटना अच्छी तरह याद है जब उन्होंने चिल्ला-चिल्लाकर देश के छोटे-छोटे टुकड़े करने के नारे लगाये थे। यह भी रिकार्ड पर है कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, वामदलों और अन्य कथित बुद्धिजीवियों ने एकत्र होकर जेएनयू के विद्यार्थियों का समर्थन किया था।
इस बात को भी लोग नहीं भूले कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल वहां जेएनयू के छात्रों को समर्थन देने के लिये उपस्थित थे। यह भी सभी जानते हैं कि केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार नहीं चाहती कि जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार पर मुकदमा चलाने की अनुमति दी जाये। इस तरह केजरीवाल सरकार कानून को अपना काम करने से रोक रही है। डॉ. हर्ष वर्धन ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री रहे दिग्विजय सिंह बेगूसराय से सीपीआई के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे कन्हैया कुमार को नैतिक, राजनीतिक और हार्दिक समर्थन देने के लिये वहां गये थे। ये कहानी अभी जारी है क्योंकि कन्हैया कुमार अपने अन्य साथियों के साथ भोपाल जाकर दिग्विजय सिंह से मिले समर्थन के बदले उन्हें समर्थन देने के लिये भोपाल जायेंगे। दिग्विजय सिंह कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में भोपाल से लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।
डॉ. हर्ष वर्धन ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता, दिग्विजय सिंह के इस कदम पर मौन रहे हालांकि उन्होंने कट्टर विघटनकारी तत्वों का समर्थन करके एक प्रकार से राष्ट्र विरोधी रवैया दिखाया था। कांग्रेस और टुकड़े-टुकड़े गैंग के गठजोड़ से उनके इरादे स्पष्ट होते हैं। अब सजग लोगों को इस गुप्त गठजोड़ का मकसद समझना चाहिये हालांकि यह गठजोड़ अब प्रत्यक्ष हो गया है। डॉ. हर्ष वर्धन ने स्पष्ट किया कि हार के भय से डरीं कश्मीर की पार्टियों और टुकड़े-टुकड़े गैंग और सभी पार्टियां लोकसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद ईवीएम में कथित गड़बड़ी को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त करेंगी। डॉ. हर्ष वर्धन ने यह भी कहा कि दिल्ली में गठबंधन बनाने के लिये कांग्रेस और आम आदमी पार्टी बेहद इच्छुक थीं। दोनों पार्टियां एक-दूसरे के साथ मिलकर चुनाव न लड़ पाने के कारण परेशान हैं और कुछ हद तक खुद को दोषी मान रही हैं। दिल्ली में दिसंबर 2013 में केजरीवाल को सरकार बनाने के लिये कांग्रेस द्वारा समर्थन देने की पेशकश से कांग्रेस केजरीवाल को देश की राजनीति में प्रमुख रूप से आगे लाने की दोेषी है। कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाकर केजरीवाल ने मुफ्त पानी और सस्ती बिजली देने के अपने वायदे पूरे किये और इस तरह अपनी छवि बनाई।
चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार डॉ. हर्ष वर्धन ने 12 मई को होने वाले मतदान में एक सप्ताह से भी कम रहने के मद्देनजर अपना प्रचार तेज कर दिया है। उन्होंने आज शकूर बस्ती, त्रिनगर और वजीरपुर विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा का नेतृत्व किया। डॉ. हर्ष वर्धन ने पुष्पांजलि एन्क्लेव, स्मार्ट चौक शकूरपुर, महाराजा अग्रसेन के आसपास के इलाकों और अशोक विहार-4 के कई भागों में प्रचार के दौरान कई जनसमूहों को संबोधित किया। भाजपा प्रत्याशी ने लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में आकर भाजपा को वोट दें, जिससे नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प की सिद्धि होगी। डॉ. हर्ष वर्धन ने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किये गये कार्यक्रमांे और स्कीमों को जारी रखने की सख्त जरूरत है।