जनादेश पीएम मोदी के “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास“ पर आधारित सुशासन का परिणाम: विजेन्द्र गुप्ता

विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि आज भारत की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है उससे सिद्ध होता है कि भारत के करोड़ों वोटरों ने जाति और धर्म के गणित, वंशवादी राजनीति तथा विघटनकारी शक्तियों को सिरे से नकार दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पक्ष में आया विशाल जनादेश उनके “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास“ पर आधारित सुशासन का परिणाम है। यह शब्द उनके साहसिक राष्ट्रवाद और हर कीमत पर देश के सम्मान और गर्व की रक्षा करने की भावना के साथ किये गये अनवरत व अथक परिश्रम का परिणाम है। यह जनादेश निश्चित तौर पर भारत के चहुँमुखी विकास के लिये एक अमूल्य धरोहर साबित होगा। इसके लिये भारत की कोटि कोटि जनता की बुद्धिमत्तापूर्ण सोच और दूरदर्शी दृष्टि बधाई के पात्र हैं। उन्होंने भाजपा के असंख्य कार्यकर्ताओं को साधूवाद दिया जिनके अथक परिश्रम और लगन के कारण यह संभव हो पाया।
विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली की सभी सातों सीटों पर जो स्पष्ट बढ़त प्राप्त करी है उससे यह सिद्ध हो जाता है कि दिल्लीवासियों ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की राष्ट्रविरोधी और जनविरोधी नीतियों को दरकिनार कर दिया है। दोनों ही पार्टियों ने भाजपा के विरूद्ध भयंकर अभियान चलाया। उन्होंने दिल्लीवासियों के दिलों में घृणा और अविश्वास पैदा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। परंतु दिल्लीवासियों को इस बात का श्रेय जाता है कि उन्होंने विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को अस्वीकार कर मोदी की सकारात्मक राजनीति को वोट देना बेहतर समझा। नेता विपक्ष ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अभी भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा भाजपा पर अशालीन हमले करने बंद नहीं किये तो दिल्लीवासी उन्हें सबक सिखाने से नहीं चूकेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधान सभा के चुनाव दूर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अब हम कमर कस के आम आदमी पार्टी की ओछी राजनीति का मुकाबला करने के लिये मैदान उतरने जा रहे हैं।