गौतम गम्भीर पर लगाए गए आरोप बिल्कुल निराधार: विजय गोयल


विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की पूर्वी दिल्ली की प्रत्याशी आतिशी मर्लेना द्वारा भाजपा के उम्मीदवार गौतम गम्भीर पर पर्चा बटवाकर अभद्र आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाने को लेकर शुक्रवार को केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल, दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष शाजिया इल्मी एवं प्रवक्ता नुपुर शर्मा ने संयुक्त प्रेस वार्ता की। इस प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता हरिश खुराना, महेश वर्मा एवं मीडिया प्रमुख अशोक गोयल उपस्थित थे।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रेस वार्ता कर पूर्वी दिल्ली के प्रत्याशी गौतम गम्भीर पर आरोप लगाना कि उन्होंने पर्च बंटवाकर आतिशी को बदनाम किया है, बिल्कुल निराधार और उनकी हिन मानसिकता का प्रतीक है। केजरीवाल किसी भी तरह का हथकड़ा अपना कर अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा उम्मीदवारों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। इस पूरे मसले पर गौतम गम्भीर ने केजरीवाल, मनीष सिसौदिया और आतिशी के खिलाफ मानहानि का केस डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि पूर्वी दिल्ली के लोगों का आशीर्वाद गम्भीर को मिल रहा है और वह पूर्ण बहुमत के साथ जीत रहे है। इस तरह के किचड़ उछालने की राजनीति की दिल्ली भाजपा निन्दा करती है। कोई विधायक भाजपा में शामिल होता है तो आम आदमी पार्टी को राफेल का पैसा बोलती है हंसराज हंस को भाजपा प्रत्याशी बनाती है तो इन्हें पहले ही पता चल जाता है कि वह मुस्लिम धर्म अपना चुके है। केजरीवाल को थप्पड़ पड़ता है तो यह कहते है कि यह भाजपा की साजिश है हर बात में निराधार आरोप लगाकर फिर माफी मांग लेना आम आदमी पार्टी की आदत हो चुकी है।
प्रदेश उपाध्यक्ष शाजिया इल्मी ने कहा कि अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि गौतम गम्भीर जिन्होने क्रिकेट में देश का मान पूरे विश्व में बढ़ाया है उन पर ऐसे घटिया आरोप लगाना कि उन्होंने महिला उम्मीदवार के लिए अपशब्द कहे आम आदमी पार्टी की उन्हें जीतता देख बदनाम करने की सोची समझी षड़यन्त्रनीति है। इसी प्रकार आम आदमी पार्टी ने मेरे खिलाफ भी दुष्प्रचार किया था। आतिशी ने खुद का पर्चा बनवाकर खुद बटवाया और फिर मीडिया के सामने रोकर महिला विक्टिम कार्ड खेला है हम इसकी कड़ी निन्दा करते है। गौतम गम्भीर ने गीता कॉलोनी पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी है। आरोप निराधार साबित होगें तो क्या केजरीवाल मनीष सिसौदिया और आतिशी इस्तीफा देगें। आम आदमी पार्टी एक खिलाड़ी को हराने के लिए कितनी सस्ती राजनीति कर रही है यह सबके सामने है।