दिल्ली की सातों सीटों पर भारी मतों से जीत के लिए गोयल ने दी बधाई

नई दिल्ली (वेबवार्ता)। केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल ने दिल्ली की लोक सभा की सातों सीटों पर भारी मतों से विजय होने पर बधाई दी है और जनता का आभार व्यक्त किया। गोयल ने इसको पीएम मोदी के विकास की और जनता के विश्वास की जीत बताया। गोयल ने कहा कि दिल्ली की जनता ने इन लोक सभा चुनाव में आम आदमी पार्टी जो तीसरे नंबर पर गई है, उससे दिल्ली की जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि केजरीवाल ने अपना विश्वास दिल्ली में खो दिया है और कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में गठबंधन भी होता तो भी भारतीय जनता पार्टी भारी मतों से जीतती। गोयल ने कहा कि जिस तरीके से अलूल-जलूल बयान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने दिए कि मोदी उनकी हत्या करना चाहता है, इससे केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की मानसिकता का पता चलता है। दिल्ली की जनता ने अराजकता, गाली-गलौच और आरोप की राजनीति को सिरे से नकार दिया है। गोयल ने कहा कि यह जीत मोदी की जीत है। देश में और दिल्ली में अगर एक ही पार्टी की सरकार होगी तो दिल्ली में विकास तेजी से होगा।


Popular posts