चांदनी चौक क्षेत्र में किसी व्यापार को बंद नहीं होने दिया जायेगा: डॉ. हर्ष वर्धन


 


नई दिल्ली (वेबवार्ता)। चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने आज कहा कि हमारी पार्टी व्यापारियों की सबसे बड़ी हमदर्द है। उन्होंने कहा कि भाजपा व्यापारियों के हर मुद्दे पर उनका साथ देती रही है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हित में बार बार जी.एस.टी की प्रक्रिया आसान बनाई जा रही है। ताकि उन्हें रिटर्न फाइल करने में आसानी हो और यह काम, साल में कम बार करना पड़े। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यापारियों को पेंशन देने का फैसला किया है ताकि वृ़द्धावस्था में कठिनाई के समय राहत मिल सके। सरकार ने एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय के अंतर्गत व्यापारियों के विभिन्न मुद्दों पर समय-समय विचार और समाधान के लिए एक आयोग जैसी संस्था बनाने का निश्चय किया है। डॉ. हर्ष वर्धन ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और ईमानदारी से टैक्स जमा कराते हुए देश की समृद्धि और विकास में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह सुनिश्चित करेंगे कि व्यापारी वर्ग को फलने-फूलने का अनुकूल माहौल मिलता रहे।
डॉ. हर्ष वर्धन ने कहा कि समय-समय पर ऐसी अफवाहें फैलाई जाती हैं कि चांदनी चौक क्षेत्र से कुछ व्यापार हटाये जायेंगे या बंद कर दिये जायेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हम ऐसा कोई निर्णय नहीं लेने देंगे। इसके अलावा भाजपा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी और अपना पूर्ण रचनात्मक सहयोग देगी।
डॉ. हर्ष वर्धन ने आज चुनाव प्रचार मॉडल टाउन 3 से बारा टूटी सदर बाजार तक लगभग 10 किमी का रोडशो निकाला। यह रोडशो मॉडल टाउन और सदर बाजार विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न इलाकों से होता हुआ बारा टूटी पर संपन्न हुआ। इस रोडशो के पूरे मार्ग पर हजारों लोगों ने डॉ. हर्ष वर्धन का स्वागत अभिनंदन किया और उन पर पुष्प वर्षा की तथा उन्हें मालाओं से लाद दिया। लोगों ने कहा कि वे डॉ. हर्ष वर्धन को अब तक की सबसे बड़ी जीत दिलवाएंगे। डॉ. हर्ष वर्धन ने लोगों का आभार व्यक्त करते हुआ कहा कि वह इस स्वागत और समर्थन को देखकर अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र की जनता को हर मुसीबत में मदद देने के लिए तैयार रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की जनता के लिए मेरे दरवाजे कभी बंद नहीं होते।
भाजपा प्रत्याशी ने सिंधौरा कला में आयोजित ट्वीटर चौपाल में कहा कि वह अपने क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र के सभी मंत्रालयों की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने के सार्थक प्रयास करेंगे। उन्होंने कई प्रश्नों का उत्तर देते हुआ कहा कि चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र को आदर्श क्षेत्र बनाया जायेगा। डॉ. हर्ष वर्धन ने कहा कि वह अपने आवासीय कार्यालय में क्षेत्र की जनता के लिए अलग काल सेंटर जैसी व्यवस्था करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे संसदीय क्षेत्र में पार्किंग की समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जायेगा। इसके लिए 8000 वाहनों की पार्किंग का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि वे चांदनी चौक में मोनो रेल या ट्राम की योजना को बहाल करेंगे और चांदनी चौक के सौंदर्यीकरण का काम शीघ्र संपन्न कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि उनका पूरा जीवन जनता और राष्ट्र की सेवा में रहा है और वह इस काम से पीछे नहीं हटेंगे।