व्यापारी सच्चे मौसम विज्ञानी हैं, आने वाला मौसम भांप लेते हैंः मोदी


 


मो. अनस सिद्दीकी
नई दिल्ली। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में शुक्रवार को आयोजित ट्रेडर्स सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास में व्यापारियों के योगदान को सराहते हुए जोर दिया कि बीजेपी सरकार व्यापारियों की सुविधा और सम्मान पर ध्यान देती रही है। आजादी के बाद गलत व्यापारिक नीतियों के लिए मोदी ने कांग्रेस सरकारों को जिम्मेदार ठहराया साथ ही उसपर व्यापारियों को अपमानित करने का आरोप भी लगाया।
व्यापारियों के योगदान के बारे में बोलते हुए मोदी ने कहा, व्यापारियों ने हमेशा देश के बारे में सोचा है देश की जरूरत के साथ खुद को जोड़ा है। भामाशाह के संबल ने महाराणाप्रताप की ताकत को दोगुना कर दिया था। यह व्यापारियों की ही ताकत थी कि भारत सोने की चिडिया कहा जाता था। व्यापारियों ने ही दुनिया के कोने-कोने में देश की संस्कृति का विस्तार किया था। मैं आपकी मेहनत से बहुत प्रभावित हूं।
व्यापारियों को संबोधित करते हुए मोदी का कहना था, मेरा मानना है कि व्यापारी वर्ग एक तरह से सच्चे मौसम विज्ञानी होते हैं। क्योंकि उसे पहले से ही सब मालूम होता है। वह आने वाले दिन का अंदाजा लगाता है कि लोगों को कब और कितनी मात्रा में कौन सी चीज चाहिए। व्यापारी वर्ग की कठिन साधना और तपस्या वर्षों से देश को बहुत कुछ देती आई है।
अपने संबोधन में मोदी ने कहा, आजादी के बाद से कांग्रेस शासन में धारणा बन गई थी कि जो भी गड़बड़ है वह व्यापारी की वजह से हो रही हे। कांग्रेस के जमाखोरों ने तोहमत व्यापारियों के सिर पर मढ़ दी कि इनकी वजह से महंगाई बढ़ रही है। सचाई यह है कि मेरे देश का व्यापारी तो महंगाई की दोगुनी मार झेलता है। गांधी जी का उदाहरण देते हुए मोदी ने कहा, गांधी जी खुद को गर्व से बनिया कहते थे लेकिन कांग्रेस के नामदारों को व्यापारियों के योगदान की जानकारी नहीं है।
मोदी ने व्यापारी वर्ग के लिए घोषणा पत्र में किए गए ऐलानों को दोहराया। उन्होंने राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन, खुदरा व्यापार के लिए एक राष्ट्रीय नीति, 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यापारियों को पेंशन, आकस्मिक बीमा, व्यापारियों को किसान क्रेडिट कार्ड की तर्ज पर व्यापारी क्रेडिट कार्ड देने जैसी सुविधाओं की चर्चा की।