दिल्ली के पांच सितारा लग्जरी होटल से काम करेगा लोकपाल

मो. अनस सिद्दीकी
नई दिल्ली। भ्रष्टाचार के खिलाफ मामलों की जांच के लिये गठित किये गए देश के पहले लोकपाल दिल्ली के एक पांच सितारा होटल से काम करेंगे। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकपाल अध्यक्ष, उसके सभी आठ सदस्य और सहायक कर्मचारियों को होटल परिसर में स्थान आवंटित किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा, लोकपाल का दफ्तर यहां चाणक्यपुरी में द अशोक होटल से काम करेगा। यह उनका अस्थायी दफ्तर होगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 23 मार्च को न्यायमूर्ति पिनाकी चंद्र घोष को लोकपाल अध्यक्ष के तौर पर शपथ दिलाई थी। न्यायमूर्ति घोष ने 27 मार्च को लोकपाल के आठ सदस्यों को शपथ दिलाई थी।